Tuesday, 2 June 2026

सच्ची भक्ति का जीवन - The Life of True Godliness

 2/जून/2026

1 तीमुथियुस 4:1–8

  1. परन्तु आत्मा स्पष्‍टता से कहता है कि आनेवाले समयों में कितने लोग भरमानेवाली आत्माओं, और दुष्‍टात्माओं की शिक्षाओं पर मन लगाकर विश्‍वास से बहक जाएँगे।
  2. यह उन झूठे मनुष्यों के कपट के कारण होगा, जिनका विवेक मानो जलते हुए लोहे से दागा गया है,
  3. जो विवाह करने से रोकेंगे, और भोजन की कुछ वस्तुओं से परे रहने की आज्ञा देंगे, जिन्हें परमेश्‍वर ने इसलिये सृजा कि विश्‍वासी और सत्य के पहिचाननेवाले उन्हें धन्यवाद के साथ खाएँ।
  4. क्योंकि परमेश्‍वर की सृजी हुई हर एक वस्तु अच्छी है, और कोई वस्तु अस्वीकार करने के योग्य नहीं; पर यह कि धन्यवाद के साथ खाई जाए,
  5. क्योंकि परमेश्वर के वचन और प्रार्थना के द्वारा शुद्ध हो जाती है।
  6. यदि तू भाइयों को इन बातों की सुधि दिलाता रहेगा, तो मसीह यीशु का अच्छा सेवक ठहरेगा; और विश्‍वास और उस अच्छे उपदेश की बातों से, जो तू मानता आया है, तेरा पालन–पोषण होता रहेगा।
  7. पर अशुद्ध और बूढ़ियों की सी कहानियों से अलग रह; और भक्‍ति की साधना कर।
  8. क्योंकि देह की साधना से कम लाभ होता है, पर भक्‍ति सब बातों के लिये लाभदायक है, क्योंकि इस समय के और आनेवाले जीवन की भी प्रतिज्ञा इसी के लिये है।”

 

मनन —

विश्वास से भटकने वाला व्यक्ति और सच्ची भक्ति का जीवन

 

1 तीमुथियुस 4:1-8 में पौलुस विश्वास से भटकने वाले व्यक्ति और

सच्ची भक्ति का जीवन जीने वाले व्यक्ति के बीच का अन्तर दिखाता है।

विश्वास से भटकना केवल कलीसिया छोड़ देना नहीं है।

बल्कि इसका अर्थ है:

यीशु मसीह को जीवन के केन्द्र से हटाकर किसी और चीज़ को उस स्थान पर बैठा देना।

 

इसलिए कोई व्यक्ति कलीसिया में रहकर भी

विश्वास से भटक सकता है।

वह धार्मिक हो सकता है,

प्रार्थना कर सकता है,

उपवास कर सकता है,

लेकिन यदि उसके जीवन का केन्द्र यीशु मसीह नहीं है,

तो वह सही मार्ग से दूर हो सकता है।

 

विश्वास से भटका हुआ व्यक्ति

नियमों और मनाहियों पर अधिक ध्यान देता है।

वह कहता है:

  • यह मत करो,
  • वह मत खाओ,
  • ऐसा मत जीओ।

उसका ध्यान परमेश्वर से अधिक नियमों पर होता है।

लेकिन सच्ची भक्ति वाला व्यक्ति

परमेश्वर को सृष्टिकर्ता मानता है।

वह जानता है कि

“परमेश्वर की बनाई हुई हर वस्तु अच्छी है।”

इसलिए वह परमेश्वर द्वारा दी गई बातों को

धन्यवाद के साथ स्वीकार करता है

और उन्हें परमेश्वर की इच्छा के अनुसार उपयोग करता है।

 

विश्वास से भटका हुआ व्यक्ति

बाहरी धार्मिकता पर ज़ोर देता है।

लेकिन सच्ची भक्ति वाला व्यक्ति

परमेश्वर के वचन और प्रार्थना में बना रहता है।

क्योंकि पवित्रता संसार से भाग जाने में नहीं,

बल्कि परमेश्वर के साथ चलने में है।

वचन हमें परमेश्वर की इच्छा सिखाता है।

प्रार्थना हमें परमेश्वर के साथ जोड़कर रखती है।

 

विश्वास से भटका हुआ व्यक्ति

अपनी सोच और अपने नियमों के अनुसार चलता है।

लेकिन सच्ची भक्ति वाला व्यक्ति

परमेश्वर के राज के अधीन जीवन जीता है।

इसीलिए पौलुस कहता है:

“भक्ति की साधना कर।”

भक्ति केवल धार्मिक कार्य नहीं है।

भक्ति का अर्थ है:

हर दिन परमेश्वर को परमेश्वर मानना,

यीशु मसीह को अपने जीवन का केन्द्र बनाना,

और उसके साथ चलना सीखना।

 

मुख्य संदेश

विश्वास से भटका हुआ व्यक्ति

धर्म को पकड़ सकता है,

लेकिन मसीह को खो सकता है।

सच्ची भक्ति वाला व्यक्ति

मसीह को पकड़ता है,

और उसके साथ जीवन बिताता है।

इसलिए भक्ति का प्रश्न यह नहीं है कि

हम क्या नहीं करते,

बल्कि यह है कि

हमारे जीवन का केन्द्र कौन है।

जब यीशु मसीह हमारे जीवन का केन्द्र बनते हैं,

  • सृष्टि धन्यवाद का कारण बन जाती है,
  • वचन जीवन बन जाता है,
  • प्रार्थना परमेश्वर के साथ संगति बन जाती है,
  • और जीवन परमेश्वर के साथ चलने की यात्रा बन जाता है।

 

मनन के प्रश्न

  • क्या मैं केवल धार्मिक कार्यों में व्यस्त हूँ, या वास्तव में यीशु के साथ चल रहा हूँ?
  • क्या मैं परमेश्वर द्वारा दी गई बातों के लिये धन्यवाद करता हूँ?
  • क्या यीशु मसीह सचमुच मेरे जीवन के केन्द्र हैं?

 

प्रार्थना

हे परमेश्वर,

मुझे केवल धार्मिक व्यक्ति न बनने दे,

बल्कि यीशु मसीह का सच्चा चेला बना।

मेरे जीवन का केन्द्र यीशु मसीह हों।

मुझे तेरे वचन और प्रार्थना में बने रहना सिखा।

मुझे हर परिस्थिति में धन्यवाद करना सिखा।

और मुझे ऐसा जीवन दे

जो तेरे शासन के अधीन चलता हो।

यीशु के नाम में प्रार्थना करता हूँ।

आमीन।


No comments:

Post a Comment